इटारसी। कृषि और राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के उद्देश्य से इटारसी ग्रामीण तहसील में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। जिला प्रभारी के मार्गदर्शन एवं तहसीलदार सुनीता साहनी की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस सत्र में फील्ड स्टाफ को डिजिटल क्रॉप हार्वेस्टिंग बुलेटिन प्रणाली की विस्तृत कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
डेटा एंट्री और कार्यप्रणाली का हुआ सजीव प्रदर्शन
कार्यशाला के दौरान उपस्थित राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों सहित तमाम फील्ड स्टाफ को डीसीएचबी पोर्टल और संबंधित तकनीकी टूल्स पर डेटा एंट्री करने की लाइव ट्रेनिंग दी गई। डिजिटल युग में कागजी कार्यवाहियों को कम करने और फसलों के सटीक आकलन के लिए इस प्रणाली को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पारदर्शिता और सटीकता पर जोर
कार्यक्रम में तहसीलदार सुनीता साहनी ने फील्ड अमले को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी रूप से सक्षम होना समय की मांग है। डीसीएचबी के माध्यम से फसलों की कटाई और उत्पादन से जुड़े आंकड़ों को बिना किसी देरी के सीधे सिस्टम पर अपलोड किया जा सकेगा। इससे न केवल मानवीय त्रुटियों (गलतियों) की संभावना खत्म होगी, बल्कि शासन स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन और किसानों को समय पर लाभ पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण में जिला प्रभारी द्वारा स्टाफ की शंकाओं का समाधान किया गया और उन्हें फील्ड में आने वाली तकनीकी समस्याओं से निपटने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए। इस दौरान तहसील कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और ग्रामीण क्षेत्र के पटवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।











