इंदौर। शहर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय ‘बैटल ऑफ जायंट्स’ पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में इटारसी की पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्रा ऋषिका पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन कैलाश सुरागे द्वारा किया गया, जिसमें प्रदेशभर से 100 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
चैंपियनशिप में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला सहित देवेंद्र सोलंकी, रितेश विरंग और मोहन सिंह राठौर मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल और फिटनेस के महत्व पर जोर दिया। प्रतियोगिता में डेडलिफ्ट और बेंचप्रेस श्रेणियों में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर, मास्टर्स और टीन्स वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पूरे प्रदेश से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
इटारसी की पॉलिटेक्निक कॉलेज छात्रा ऋषिका पटेल ने डेडलिफ्ट प्रतियोगिता में 72 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंधन, कोच और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। आयोजन के अंत में विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।










