इटारसी। भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नर्मदापुरम जिला सर्व ब्राह्मण समाज ने सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार (जनेऊ) कार्यक्रम का आयोजन श्री द्वारिकाधीश बड़े मंदिर के प्रांगण में किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में विभिन्न क्षेत्रों से आए 20 बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जनेऊ धारण कर सनातन धर्म की इस महत्वपूर्ण परंपरा को अपनाया।
शास्त्र सम्मत विधि से हुआ अनुष्ठान
यज्ञोपवीत संस्कार समिति के संयोजक राजकुमार दुबे ने बताया कि यज्ञाचार्य पंडित प्रभात शर्मा के सान्निध्य में यह कार्यक्रम पूर्णत: शास्त्र सम्मत विधि-विधान से हुआ। बटुकों को जनेऊ धारण कराने के साथ ही उन्हें गायत्री मंत्र और ब्राह्मण धर्म के कर्तव्यों की दीक्षा दी गई।
प्रदेश के विभिन्न अंचलों से पहुंचे परिजन
इस सामूहिक आयोजन की विशेषता यह रही कि इसमें केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि प्रदेश के विभिन्न शहरों से भी विप्र समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आगरा, भोपाल, खंडवा, हरदा, टिमरनी, सिवनी मालवा, होशंगाबाद, मिसरोद, रामपुर, जमानी और शाहगंज से विप्र शामिल हुए।
यज्ञोपवीत कार्यक्रम में नर्मदापुरम जिला सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष जितेंद्र ओझा एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद पगारे विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने बटुकों को आशीर्वाद देते हुए समाज की इस पहल की सराहना की और इसे नई पीढ़ी को संस्कारों से जोडऩे वाला कदम बताया।
आयोजन को सफल बनाने में यज्ञोपवीत संस्कार समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसमें राजकुमार दुबे, रघुवंश पांडे, संतोष भारद्वाज, अखिलेश दुबे, सौरभ शुक्ला, आशीष दुबे, सुनील दुबे, मनोज शर्मा, आलोक दीक्षित, दिनेश उपाध्याय और आनंद दुबे ने सक्रिय भूमिका निभाई।










