इटारसी। जवाहर नगर कॉलोनी में वर्षों से परमानेंट बिजली कनेक्शन न मिलने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से परेशान रहवासियों ने आज सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी के नेतृत्व में रहवासियों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए।
जाम की सूचना मिलते ही इटारसी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर लिखित आश्वासन देने की मांग करते रहे। स्थिति बिगड़ती देख ठेकेदार को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस व बिजली विभाग के अफसरों, गजानंद तिवारी और ठेकेदार के बीच हुई सार्वजनिक चर्चा के बाद ठेकेदार ने 15 दिनों के भीतर बिजली को परमानेंट करने के लिए राशि जमा करने और कॉलोनी की अन्य समस्याओं को दूर करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद जनहित को ध्यान में रखते हुए चक्का जाम समाप्त किया। नेतृत्व कर रहे गजानंद तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों में समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं हुआ, तो इसके बाद प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ इससे भी बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।











