इटारसी। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थानों में आमजन व युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। थाना पथरौटा पुलिस टीम ने ज्ञान विद्या मंदिर स्कूल, पथरोटा में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेखा निमोदा एवं पुलिस स्टाफ ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की विस्तृत जानकारी दी। दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट लगाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सख्त सलाह दी गई।
सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर मदद करने वाले नागरिक को शासन द्वारा 25,000 रुपए तक की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटना पीडि़तों के त्वरित उपचार हेतु 1.5 लाख तक के कैशलेस प्राथमिक इलाज की सुविधा के बारे में अवगत कराया गया। शिविर के दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं पथरौटा थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।










