- दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में वारदात
इटारसी। दानापुर-सिकंदराबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12792) में चोरी और लूटपाट का एक मामला सामने आया है। 11 सितंबर 2026 को जबलपुर से ट्रेन के रवाना होने के बाद कोच B15 में एक बादमाश ने एक यात्री के साथ लूटपाट की। घटना का पता चलते ही आक्रोशित सह-यात्रियों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
टीटीई स्टाफ ने बचाकर जीआरपी को सौंपा
घटना के समय कोच में चेकिंग के लिए पहुंचे जबलपुर के डिप्टी सीटीआई महेंद्र कुमार और कोच अटेंडेंट ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह आरोपी को यात्रियों की उग्र भीड़ से बचाया। इसके बाद, ट्रेन के इटारसी स्टेशन पहुंचने पर टीटीई स्टाफ ने एक लिखित शिकायती मेमो तैयार किया और उसे इटारसी जीआरपी के सुपुर्द कर दिया।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
पकड़े गए आरोपी की पहचान 34 वर्षीय आनंद चौधरी उर्फ मांझा के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के ग्राम मेक गोटेगांव का निवासी बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी के पास से लूटा गया एक वीवो (Vivo) मोबाइल और 1400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जिन्हें सामान सहित जीआरपी को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।










