इटारसी। हरतालिका तीज से पहले इटारसी बाजार में रौनक लौट आयी है। हालांकि कोरोना के माहौल में महिलाओं का पहले से उत्साह कम हुआ है। महिलाओं के लिए मौसम भी वरदान साबित हुआ। सुबह से जारी तेज बारिश के बाद दोपहर तक मौसम साफ हो गया। जिसके बाद महिलाएं दोपहर से शाम तक बाजार में खरीदारी करती नजर आईं।
खासकर पटवा लाइन और पूजन सामग्रियों की दुकानों पर महिलाओं की ज्यादा भीड़ देखने को मिली, जिससे छोटे व्यापारियों को कुछ राहत मिली है। हालांकि कोरोना काल में ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं की कम ही भीड़ दिखाई दी।
पूजन सामग्री का भाव हुए तेज
हरताली तीज के चलते बाजार में फल-फूल और नारियलों के भाव में भी तेजी देखने को मिली। खीरे बाजार में 40 रुपये किलो मिले, तो वहीं केले भी 40 रुपये दर्जन बिके। बाजार में नारियल भी 20 रुपये प्रतिनग के हिसाब से मिला। पूजन सामग्री दुकानों पर 80 रुपये से 100 रुपये तक बिकी। दरअसल, महिलाओं के तीज पर शिव पार्वती और भगवान गणेश की विधि विधान से पूजा करती हैं। साथ ही महिलाएं व्रत करके रातभर भगवान का भजन कीर्तन कर पूजा अर्चना करती हैं।









