इटारसी | ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ के ध्येय को चरितार्थ करते हुए रोटरी क्लब इटारसी द्वारा सामाजिक सरोकार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शहर के ओवर ब्रिज पर यात्रियों की सुविधा हेतु नवनिर्मित प्रतीक्षालय शेड का लोकार्पण किया। यह शेड दिवंगत रोटे. पंकज गोयल की स्मृति में जनसेवा हेतु समर्पित किया गया है।
लोकार्पण समारोह में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 के गवर्नर सुशील मल्होत्रा एवं फर्स्ट लेडी श्रीमती रूबी मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीओपी वीरेन्द्र मिश्रा और वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, जनसेवा के हर कार्य केवल प्रशासन के भरोसे संभव नहीं होते। समाज में रोटरी जैसी संस्थाओं की सक्रियता आवश्यक है, जो धरातल पर उतरकर आमजन की समस्याओं का समाधान करती हैं। रोटरी अध्यक्ष दीपक जैन ने बताया कि रोटरी एक ऐसा सशक्त मंच है, जो शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ जनहित के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने दिवंगत साथी पंकज गोयल को याद करते हुए इस प्रोजेक्ट को उनकी स्मृति में एक सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
अपनी आधिकारिक यात्रा पर इटारसी पहुंचे रोटरी गवर्नर सुशील मल्होत्रा ने इस प्रोजेक्ट की उपयोगिता को देखते हुए क्लब की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि गर्मी और बरसात के मौसम में यह शेड राहगीरों और यात्रियों के लिए वरदान साबित होगा।
कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन सत्यम अग्रवाल ने किया । इस अवसर पर सहायक मंडल अध्यक्ष रितेश शर्मा, मेघराज राठी, विजय अग्रवाल, देवेंद्र गोयल, संदीप खंडेलवाल, रितेश महेश्वरी, विवेक चांडक, डॉ. अनिकेत सिंह, नारायण चौरसिया, सुनील दरडा, दीपक अग्रवाल एवं रचिन अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।










