इटारसी। आरपीएफ जवानों की सतर्कता से एक युवक की जान बच सकी है। युवक गाड़ी संख्या 12512 से गिर गया था। उसे तत्काल आरपीएफ आरक्षक, प्रधान आरक्षकों ने स्ट्रेचर पर ले जाकर एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। इटारसी से नर्मदापुरम और फिर भोपाल रेफर होने के बाद यात्री को होश आ गया और सूचना के बाद उसके परिजन भी पहुंच गये हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यात्री बलिराम निषाद पिता सित्वाशांत उम्र 21 वर्ष ट्रेन से गिर गया था। यात्री के दाहिना पैर, घुटने के ऊपर से कट गया। उसको तत्काल एसआई राजवीर सिंह, प्रधान आरक्षक डीके शुक्ला, जसमन सिंह ठाकुर, संदीप सोनी एवं आरक्षक अजीत सोरेंग ने एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया और स्ट्रेचर पर लेकर शासकीय अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने यात्री की गंभीर हालत को देख नर्मदापुरम रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी घायल को भोपाल हमीदिया हॉस्पिटल रेफर किया।
आरपीएफ की सूचना पर गोरखपुर से घायल यात्री के परिजन भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंच गए हैं। भोपाल हमीदिया अस्पताल में उपचार के बाद यात्री होश में आ गया था। आरपीएफ के जवानों के प्रयास से यात्री की जान बच गयी है। यात्री के परिजनों ने आरपीएफ की टीम के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।




























