इटारसी। जिला कांग्रेस नर्मदापुरम के मीडिया प्रभारी अमोल उपाध्याय ने वार्ड 11 स्थित पुराने बस स्टैंड पर निर्माणाधीन अटल कॉम्प्लेक्स के निर्माण और नीलामी प्रक्रिया को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी इटारसी के समक्ष लिखित आपत्ति दर्ज कराई है।
सौंपे गए पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि कॉम्प्लेक्स की भूमि का स्वामित्व नगरपालिका के बजाय नजूल विभाग के पास है, और इसके व्यावसायिक उपयोग के लिए नजूल निर्वर्तन नियम-2020 के तहत सक्षम अनुमति नहीं ली गई है। इसके अलावा, यह भूमि सुधार न्यास अधिनियम 1960 की स्कीम का संभावित हिस्सा है, जिससे वर्तमान निर्माण इसके तय उद्देश्यों के विपरीत हो गया है।
अमोल उपाध्याय ने यह भी स्पष्ट किया कि लगभग 14-15 करोड़ रुपये की इस अचल संपत्ति की नीलामी में अचल संपत्ति अंतरण नियम 2016 के नियम 5 के तहत आवश्यक स्वीकृति नहीं ली गई है, तथा नियम 9 और 10 के पालन में भी भारी कमियां व्याप्त हैं।











