मुख्यालय जबलपुर में 66 वॉ रेल सप्ताह समारोह-2021 का आयोजन
भोपाल मण्डल को मिली ओवर ऑल दक्षता शील्ड सहित कुल 8 दक्षता शील्ड
जबलपुर/इटारसी। पश्चिम मध्य रेल जोनल मुख्यालय जबलपुर में हुए 66 वे रेल सप्ताह समारोह (Rail Week Celebrations) में इटारसी के बारह बंगला रनिंग रूम (running room) को सर्वश्रेष्ठ अनुरक्षित रनिंग रूम का अवार्ड मिला है। पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय जबलपुर में आज शुक्रवार को आयोजित 66 वे रेल सप्ताह समारोह-2021 में महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेल शैलेन्द्र कुमार सिंह ने भोपाल मंडल के सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये ओवर ऑल दक्षता शील्ड (Over All Efficiency Shield) सहित कुल 8 दक्षता शील्ड प्रदान की जिसे मंडल रेल प्रबंधक उदय बोरवणकर ने संबंधित विभाग प्रमुखों के साथ महाप्रबंधक से प्राप्त की। भोपाल मण्डल को महाप्रबंधक की ओवर ऑल दक्षता शील्ड प्राप्त होना यह दर्शाता है कि वर्ष 2020-21 में भोपाल मण्डल का प्रदर्शन पश्चिम मध्य रेल में सर्वोत्कृष्ट रहा। मंडल को प्राप्त 7 दक्षता शील्ड में से 5 दक्षता शील्ड स्वतंत्र रूप से भोपाल मंडल के लेखा, विद्युत, यांत्रिक, बेस्ट रेक अनुरक्षण के लिए (01665/01666 हबीबगंज-अगरतला-हबीबगंज एक्सप्रेस स्पेशल को एवं रनिंग रूम के सर्वोत्तम रखरखाव के लिये इटारसी स्थित 12 बंगला रनिंग रूम को प्राप्त हुई है एवं वाणिज्य और इंजीनियरिंग की दो दक्षता शील्ड जबलपुर मंडल के साथ संयुक्त रूप से प्राप्त हुई है।
इसके अतिरिक्त महाप्रबन्धक द्वारा वर्ष 2020-21 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भोपाल मण्डल के 05 अधिकारियों एवं 25 कर्मचारियों को व्यक्तिगत पुरस्कार तथा 49 कर्मचारियों को समूह पुरस्कार से नवाजा गया। मंडल रेल प्रबन्धक नें सम्पूर्ण दक्षता शील्ड सहित कुल 8 दक्षता शील्ड प्राप्त होने पर तथा व्यक्तिगत एवं समूह पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों सहित मण्डल के सभी कर्मचारियों/अधिकारियों को बधाई दी है तथा आने वाले दिनों में और उत्साह और लगन से कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दी है। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी रेल कर्मियों के अथक परिश्रम से मिली इस उपलब्धि के लिये उनकी सराहना करते हुए इन पुरस्कारों को महामारी में कालवश हुए भोपाल मंडल के रेलकर्मियों की पुण्य स्मृति को समर्पित किया है।











