नर्मदापुरम। शहर में शराब पर प्रतिबंध होने के बावजूद अवैध कारोबार करने वाले सक्रिय हैं। ऐसे ही एक मामले में थाना देहात पुलिस ने आदर्श नगर में दबिश देकर भारी मात्रा में देशी शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 500 क्वार्टर शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 37,500 रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी जितेंद्र पाठक के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है। 18 अप्रैल को पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि आदर्श नगर में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध शराब छिपाकर बेचने की फिराक में है।
बैगों में भरी मिली 500 नग देशी शराब
देहात थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आदर्श नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस ने यहां से विशाल जाटव 20 वर्ष को पकड़ा। घर की तलाशी लेने पर पहले ही कमरे में दो बड़े बैग मिले। जब इन बैगों को खोला गया, तो दोनों बैगों के भीतर 8 कार्टून पेटियां और खुले हुए क्वार्टर मिले। कुल गिनती करने पर 500 क्वार्टर देशी मदिरा, कुल 90 लीटर बरामद हुई।
पुलिस ने अवैध शराब को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी विशाल जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ पाण्डेय, सउनि प्रवीण शर्मा, सउनि सुखनंदन नरें, आरक्षक कपिल विश्वकर्मा, जितेंद्र सिंह राजपूत, सतीराम, भूपेंद्र वर्मा और महिला आरक्षक राधिका की मुख्य भूमिका रही।










