इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित साईं मंदिर में आज शोभा यात्रा के साथ बाबा साईं की नई मूर्ति का विधिवत प्रतिस्थापन किया गया। पुरानी मूर्ति को विदाई देने के बाद विशाल शोभायात्रा निकाली गई, और बाबा साईं की नई मूर्ति को साईं गार्डन के पास बने नव-निर्मित मंदिर में स्थापित किया। यह पूरा क्षेत्र भक्तिमय और भावुक माहौल से गूंज उठा।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, पार्षद अमृता मनीष ठाकुर, सभापति राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। महिलाओं ने नम आंखों से पुरानी मूर्ति को विदाई दी और नई मूर्ति की स्थापना पर भावुक होकर आरती उतारी।

विकास कार्य वार्ड 13 की पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने बताया कि साईं मंदिर ग्राउंड में पार्क निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यहां क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं, जिससे यह परिसर अब आस्था, मनोरंजन और जनसुविधाओं का एक सुंदर आधुनिक केंद्र बन सकेगा। भक्तों ने इस पहल को आस्था, संस्कृति और विकास का सुंदर संगम बताया है।








