इटारसी। विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा ने विधानसभा में दैनिक वेतन भागी कर्मचारियों के वेतन में विलंब के विषय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री से सवाल किया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय के अधीक्षक ने विगत 3 वर्षों में अपर संचालक (वित्त), संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें, भोपाल, स्वास्थ्य आयुक्त, संचालक (अस्पताल प्रशासन), क्षेत्रीय संचालक, को दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को वेतन दिये जाने हेतु बजट आवंटन हेतु कब-कब लिखा, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में कलेक्टर दर पर कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का वेतन भुगतान कब तक हो सकेगा?
उप मुख्यमंत्री, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में कलेक्टर दर पर कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का जून 2025 तक का वेतन भुगतान किया जा चुका है।
नर्मदापुरम् विधानसभा क्षेत्र में कितनी-कितनी लागत से किन स्थानों पर संजीवनी क्लिनिक का निर्माण, संजीवनी क्लिनिक का आधिपत्य किन कारणों से नहीं लिया जा रहा है? संबंधी सवाल पर श्री शुक्ल ) ने बताया कि नर्मदापुरम् विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राशि रूपये 25 लाख प्रति संजीवनी क्लीनिक के मान से निर्मित संजीवनी क्लीनिक का निर्माण कार्य निर्धारित मापदण्ड अनुसार नहीं होने के कारण आधिपत्य नहीं लिया जा सका है।
भू-जल स्तर की गिरावट
डॉ. सीतासरन शर्मा ने जल संसाधन मंत्री से विगत दस वर्षों में इटारसी/नर्मदापुरम तहसील के भू-जल स्तर की जानकारी मांगी जिस पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि जानकारी एकत्र की जा रही है।
स्थगन आदेश के विरुद्ध अपील
डॉ. सीतासरन शर्मा ने राजस्व मंत्री से पूछा कि मनोज बामने आत्मज रमेश बामने का सूरजगंज, इटारसी में किया अतिक्रमण 31 जुलाई 2024 तक हटाने का आदेश दिया था? क्या आदेश को उच्चतम न्यायालय से स्टे मिला है? उक्त स्थगन आदेश के विरुद्ध 30 जून, 2025 तक शासन ने अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं किया है? कब तक पक्ष प्रस्तुत कर दिया जायेगा। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि जवाब प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रचलन में है, शीघ्र ही जवाब प्रस्तुत किया जाएगा।
विभागों को भूमि आवंटन
डॉ. शर्मा ने राजस्व मंत्री से जानकारी मांगी कि विगत तीन वर्षों में नर्मदापुरम के कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी को पत्र लिखकर किन-किन विभागों (राज्य सरकार/भारत सरकार) द्वारा कब-कब पत्र लिखकर भूमि आवंटन हेतु अनुरोध किया गया। मृत पशु के निष्पादन हेतु एवं मौसम विभाग के कार्यालय को भूमि कब तक आवंटित की जावेगी। राजस्व मंत्री ने बताया कि मृत पशु के निष्पादन हेतु एवं मौसम विभाग के कार्यालय को भूमि आवंटन के संबंध में संबंधित विभागों के द्वारा निर्धारित प्रारूप में ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत करने के उपरांत नियमानुसार कार्यवाही की जा सकेगी।











