इटारसी। कृषि महाविद्यालय पवारखेड़ा में भारतीय किसान संघ की जिला स्तरीय बैठक में प्रांत संगठन मंत्री भरत पटैल और प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान उपस्थित रहे। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को नए नवाचारों और गेहूं की उन्नत किस्मों की जानकारी दी, वहीं किसान संघ ने उपार्जन संबंधी समस्याओं पर चिंता व्यक्त की।
जैविक खेती और नई किस्मों पर जोर
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को एमपी-3382, डीबीडब्ल्यू-327 जैसी गेहूं की नवीन किस्मों और सोयाबीन की जेएस-2029, 2034 सीरीज अपनाने की सलाह दी। सुनील कुमार पटैल ने बताया कि भूमि की उर्वरकता बनाए रखने के लिए जैविक खेती अनिवार्य है। प्रांत संगठन मंत्री भरत पटैल ने कहा कि वैज्ञानिक, मजदूर और किसान मिलकर ही देश को संपन्न बनाते हैं।
उपार्जन की समस्याओं पर आक्रोश
जिलाध्यक्ष ओमकार राजपूत ने वर्तमान में गेहूं उपार्जन और स्लाट बुकिंग में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि बड़े किसानों की स्लाट बुकिंग की समस्या का त्वरित निराकरण हो और केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। बैठक में जिला प्रभारी नरेंद्र दोगने, जिला मंत्री शंकरसिंह पटैल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










