इटारसी। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत पथरोटा में एक क्लस्टर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इटारसी एसडीएम नीलेश शर्मा एवं जनपद पंचायत केसला की सीईओ सुमन खातरकर ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के मैदानी अधिकारी, कर्मचारी और पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
सीएम हेल्पलाइन की बारीकी से समीक्षा
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। एसडीएम नीलेश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं का निराकरण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
अधिकारियों को दिए गए मुख्य निर्देश
- सीधा संवाद : पंचायत सचिव व मैदानी अमला हर शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से मिलकर या फोन पर बात कर उनकी समस्या समझे।
- संतुष्टिपूर्ण निराकरण : शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे; आवेदक की पूर्ण संतुष्टि के बाद ही पोर्टल पर प्रकरण बंद किया जाए।
- समन्वय से काम : विकास कार्यों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाएं।




























