इटारसी। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा ‘दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसडीएम (राजस्व) नीलेश शर्मा ने क्षेत्र का दौरा कर अभियान का निरीक्षण और समीक्षा की।
उन्होंने ग्राम जुझारपुर में जनपद सदस्य रविकांत माहला, ग्राम सनखेड़ा में चरन सिंह चौधरी, ग्राम घाटली में आदर्श मेहतो और इटारसी में कैलाश यादव के यहां पहुंचकर पशुपालकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीकों से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और आमदनी में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पशु नस्ल सुधार, संतुलित पशु आहार, हरे चारे के प्रबंधन, नियमित टीकाकरण और मौसमी बीमारियों से बचाव की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पशु चिकित्सालय इटारसी की अधिकारी डॉ. शिल्पा चौधरी, कर्मचारी एसके साहू, सीएल. धुर्वे, सुनील मेहरा और गौसेवक विशाल चौरे उपस्थित रहे।











