इटारसी। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय इटारसी में बुधवार को भारतीय रिजर्व बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों द्वारा एक संयुक्त बैंकिंग जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम डिजिटल बैंकिंग प्रक्रियाओं, सुविधाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों के बारे में शिक्षित करना था।
सेमिनार में आरबीआई भोपाल से सहायक प्रबंधक संतोष केरकट्टा और वरिष्ठ सहायक शिरीष कुमार, एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय से दीपेश, एसबीआई मुख्य शाखा इटारसी के प्रबंधक सुजीत, एसबीआई म्युचुअल फंड से राजेश द्विवेदी और एसबीआई लाइफ से अश्विनी महेश्वरी ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और संस्था के प्राचार्य आरके चोलकर ने दीप प्रज्वलित कर किया। संतोष केरकट्टा ने आरबीआई द्वारा संचालित NEFT और RTGS प्रक्रियाओं के माध्यम से फंड ट्रांसफर करने के तरीकों और उनकी राशि की सीमाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने GPI लेनदेन की तकनीक समझाई और UPI LITE के वॉलेट फंक्शन की जानकारी दी, जिससे बार-बार पिन डालने से बचा जा सकता है। श्री केरकट्टा ने अपराधियों द्वारा की जाने वाली धोखाधड़ी और प्रलोभन से होने वाली ठगी से बचाव के लिए कई महत्वपूर्ण वीडियो भी दिखाए और विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट के जाल में न फंसने के लिए जागरूक किया।
शिरीष कुमार ने ग्राहकों की सुरक्षा के लिए आरबीआई द्वारा हाल ही में जारी की गई डिजिटल पेमेंट सुरक्षा गाइडलाइंस और RBI से पूछो तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन जैसे अभियानों के बारे में बताया। दीपेश ने बैंकिंग सेक्टर में हो रहे तकनीकी बदलावों, जैसे डिजिटल पेमेंट, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग की सुविधाओं पर प्रकाश डाला, साथ ही साइबर फ्रॉड और वित्तीय ठगी से बचने के लिए बैंकिंग जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया।
सुजीत कुमार ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सरकारी कर्मचारियों के सैलरी अकाउंट पर मिलने वाली इंश्योरेंस स्कीम के फायदों की जानकारी दी और विद्यार्थियों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। श्री राजेश ने एसबीआई म्युचुअल फंड और सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान के बारे में बताया, जबकि अश्विनी ने एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में संस्था विभागाध्यक्ष श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी, पल्लवी नरवरे, लोकेंद्र सिंह बनाफर, भूपेंद्र जोठे और आकाश गर्ग भी उपस्थित रहे। मंच संचालन अंकित मिश्रा एवं श्रीमती शिवांगी मालवी ने किया गया। इस सेमिनार में संस्था के 140 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित थे।








