इटारसी। शिक्षक दिवस के अवसर पर, वरिष्ठ नागरिक संघ पुरानी इटारसी ने वर्ष 1961 से 1980 के बीच नियुक्त हुए अति वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया। इन शिक्षकों ने सेवानिवृत्ति के बाद भी साहित्य, योग, ज्योतिष, रामचरित पाठ और मंदिर सेवा जैसे क्षेत्रों में अपना योगदान जारी रखा है।
आयोजन के मुख्य अतिथि शिक्षाविद डॉ. ज्ञानेंद्र नाथ पांडेय और विशिष्ट अतिथि डॉ. कश्मीर सिंह उप्पल रहे। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों के साथ मिलकर पूर्व शिक्षकों एपी चौधरी, आरसी वर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार शुक्ला, टीआर चोलकर और संतोष दीवान को शाल, श्रीफल, मोतियों की माला और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डॉ. उप्पल और डॉ. ज्ञानेंद्र नाथ पांडेय ने सामाजिक विघटन और नैतिक पतन को रोकने में वरिष्ठजनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन समाज के लिए बड़े वृक्षों के समान हैं, जिनकी अनुपस्थिति से प्रकृति और समाज दोनों में असंतुलन आ सकता है। संचालन एमएल पटेल ने किया।








