इटारसी। वरिष्ठ नागरिक संघ पुरानी इटारसी की मासिक बैठक नई कार्यकारिणी की उपस्थिति में हुई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण संकल्प लिए। बैठक में मुख्य रूप से निर्णय लिया कि रबी फसल की कटाई के बाद खेतों में नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति किसानों को जागरूक करने का अभियान जारी रखा जाएगा। संघ के सदस्यों ने कहा कि नरवाई जलाने से भूमि की उर्वरकता कम होती है और पर्यावरण दूषित होता है, जिसे रोकने के लिए शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
सदस्यों के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु शनिवार और रविवार को कार्यालय प्रांगण में योग एवं प्राणायाम की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी, जिसमें राधावल्लभ गुप्ता और देवेंद्र जनोरिया प्रशिक्षण देंगे। संघ ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अतिवृद्ध एवं असमर्थ सदस्यों के घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछने और स्टेशन पर एस्केलेटर की कमी को लेकर रेल प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक दुबे, सचिव जीडी पाटिल, कोषाध्यक्ष संतोष दीवान, संरक्षक शिवनारायन चौधरी (छोटे भैया), आरसी वर्मा, टी आर चोलकर, आरबी गुप्ता, लीलाधर मनमारे, बीआर बनोरिया, एसएस चौधरी, एमएल पटेल, रमन सिंह ठाकुर, राजेंद्र दीवान, टीडी धार्मिक, देवेंद्र जनोरिया, राजेंद्र चौधरी, शिवगोविंद महतो, केएल सोनी, एनपी परते, अशोक मालवीय, रामजीवन बनोरिया, एमएल पवार एवं अजय जोशी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।










