इटारसी। गायत्री परिवार इटारसी द्वारा ग्राम पथरौटा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् रामकथा में वरिष्ठ नागरिक मंच के सदस्यों ने सहभागिता की। एनपी चिमानिया और श्रीमती उषा चिमानिया द्वारा आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन में मंच के सदस्यों ने व्यास पीठ का पूजन कर आचार्य रघुनाथ प्रसाद का आशीर्वाद लिया।
प्राप्त करने से अधिक आनंद देने में है
कथा के दौरान आचार्य रघुनाथ प्रसाद ने भरत जी और निषाद राज के प्रसंग के माध्यम से गुरु ज्ञान साझा किया। उन्होंने कहा कि जो सुख कुछ प्राप्त करने में नहीं है, वह दूसरों को देने और परोपकार करने में मिलता है। उन्होंने क्षमाशीलता पर जोर देते हुए कहा कि किसी को उसकी गलती की सजा देने के बजाय उसे क्षमा करना और स्वयं के दोषों का परिमार्जन करना ही श्रेष्ठता है।
वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान
आचार्य श्री ने समाज सेवा के क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिक मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने मंच के वरिष्ठ सदस्यों में शामिल सुधीर गोठी, डॉ. केसी साहू एवं श्रीमती साहू, सुरेश रघुवंशी, अशोक सक्सेना, सुनील बाजपेई, सुरेंद्र वर्मा को तिलक लगाकर सम्मानित किया और आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन केके गुप्ता ने किया। आयोजन के मुख्य यजमान एनपी चिमानिया ने बताया कि 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक चलने वाली इस कथा को सफल बनाने में सुनीति पटेल, शरद वर्मा, ऊषा चिमानिया, राजेश चौरे, हरीश देशमुख, लखन पटेल, अरविन्द कसोटिया और प्रताप सिंह चौहान का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।










