इटारसी। गोठी धर्मशाला में वरिष्ठ नागरिक मंच की मासिक बैठक मंच के अध्यक्ष सुशील शर्मा की अध्यक्षता में अत्यंत गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत सभी सदस्यों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के गायन के साथ हुई। कार्यक्रम का कुशल संचालन मंच के सचिव सुरेश रघुवंशी ने किया।
नए सदस्यों का स्वागत और जन्मदिवस की बधाई
मंच का दायरा बढ़ाते हुए चार नए सदस्यों ताराचंद देवानी, श्याम सुंदर पटेल, कस्तूरी लाल बवेजा और सुरजीत बवेजा ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की, जिनका पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही मंच के सचिव सुरेश रघुवंशी ने मंच की स्थाई सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर मंच की सदस्या आशा अग्रवाल को उनके जन्मदिवस पर बधाई देते हुए उपहार सामग्री भेंट की गई।
वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर बनी सहमति
बैठक में बुजुर्गों और पेंशनरों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों व समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई और उनके समाधान के लिए उचित कार्यवाही करने पर सहमति बनी।
- ऑडिटोरियम में लिफ्ट: भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाई जाए। सीनियर सिटीजन कार्ड: मध्य प्रदेश में सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने के लिए बंद पड़े ऑनलाइन पोर्टल को पुनः खोला जाए।
- आयकर मुक्त पेंशन:मध्य प्रदेश के पेंशनरों की पेंशन को आयकर (Income Tax) से मुक्त किया जाए।
- बैंकों में अलग काउंटर: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में हर महीने की 1 से 10 तारीख के बीच वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था हो।
- नई सूची का निर्माण: मंच के सदस्यों की सत्र 2026-27 की नई जन्मदिवस सूची तैयार की जाए।
संगठन तोड़ना नहीं, जोड़ना सिखाता है
बैठक को संबोधित करते हुए अशोक सक्सेना, डॉ. ज्ञानेंद्र पांडे, एके शुक्ला, डॉ. केसी साहू, चंद्रप्रभा ठाकुर और राजकुमार दुबे ने अपने विचार रखे।अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सुशील शर्मा ने कलयुग में संगठन की शक्ति और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “संगठन है तो अनुशासन है, संगठन है तो संबंध और रिश्ते हैं, संगठन है तो सम्मान है। संगठन कभी तोड़ना नहीं, बल्कि जोड़ना सिखलाता है। हम सभी को एकजुट होकर संगठन के माध्यम से समाज हित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है।”
बैठक में एन.पी. चिमानिया, डॉ. विनोद सीरीया, तुकाराम चौलकर, सुरेंद्र सिंह तोमर, सुधीर गोठी, शिवनारायण बुधौलिया, रामकिशोर चौरे, एन.आर. अग्रवाल, एन.आर. पढारिया, घनश्याम दास मित्तल, मुरली मनोहर दीक्षित और विजय मंडलोई सहित मंच के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।












