इटारसी। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं के बीच बीती देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के विश्वनाथ चौराहा रोड पर पांच बदमाशों ने घेरकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे शहर में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नाला मोहल्ला निवासी युवक अनिकेत भदौरिया उर्फ पवन को विश्वनाथ चौराह रोड पर अस्पताल के आसपास करीब पांच लड़कों ने अचानक घेर लिया। आरोपियों ने युवक पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमले में अनिकेत के सिर, दोनों हाथों और छाती पर गंभीर घाव आए।

घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. अचलेश्वर दयाल ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, युवक की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि छाती पर धारदार हथियार से दिल (हार्ट) पर लगी घातक चोट के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। युवक की एक दो माह की बच्ची है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी अज्ञात
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी (टीआई) सौरभ पांडेय ने बताया कि हमला करने वाले आरोपी फिलहाल अज्ञात हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतक के भाई अंशुल सिंह भदौरिया ने बताया कि हमारा कुछ लोगों से पिछले करीब आठ साल से विवाद चल रहा है, फिलहाल नहीं कह सकता कि किसने मारा है। लेकिन, कुछ लोगों से चार दिन पूर्व भी विवाद हुआ था, यह सारा विवाद रेलवे स्टेशन पर खानपान को लेकर होना बताया जा रहा है। यदि यह सही है तो रेलवे स्टेशन के वेंडर्स का विवाद और शहर में अपराध की यह एक नयी घटना है। इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। अंशुल ने बताया कि किसी राजा टंकी का नाम सामने आ रहा है, उसके साथ अक्कू और बिट्टू भी थे। पुलिस खुद पता करे कि अपराधी कौन हैं, हमें न्याय चाहिए।
विधायक की बैठक के ठीक बाद वारदात
चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्याकांड से ठीक कुछ घंटे पहले ही स्थानीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने पुलिस अधिकारियों की एक अहम बैठक ली थी, जिसमें उन्होंने शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था चुस्त करने के सख्त निर्देश दिए थे। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही ऐसी आपराधिक घटनाओं पर काबू पा लिया जाएगा।
बैठक में पुलिस बल की कमी की बात सामने आई है, जिसे दूर करने और शहर में पुलिस बल बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। लगातार हो रही चाकूबाजी और सरेराह हत्या की इस वारदात से नागरिकों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।










