इटारसी। मंगलवार शाम को इटारसी में एक भीषण और सनसनीखेज हादसा हो गया, जब खेड़ा क्षेत्र में एक दुकान के सामने मुख्य मार्ग पर खड़े एक खाली गैस टैंकर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि उसकी आवाज तीन से चार किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इलेक्ट्रिक वेल्डिंग के दौरान हादसा


यह भयानक घटना शाम करीब पौने पांच बजे उस वक्त हुई, जब टैंकर नंबर एमपी 17, एचएच-4330 में इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि गैस टैंकर का ड्रायवर कैबिन सहित मशीन वाला पूरा हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
दहशत और भगदड़, घायलों को अस्पताल भेजा


अचानक हुए इस जोरदार विस्फोट से आसपास के लोग दहशत में आ गए और मुख्य मार्ग पर भगदड़ मच गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, इस घटना में ट्रक ड्रायवर नीरज सिंह सहित 8 लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। 5 लोग शासकीय अस्पताल में और 3 लोग एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। एसडीओपी वीरेन्द्र मिश्रा और टीआई गौरव सिंह बुंदेला भी तत्काल अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे वाहनों के पहिये थम गए और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा होने से जाम लग गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला। टीआई गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार, घटना के बाद पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और सबसे पहले रास्ता क्लियर कराया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और जाम खुलवाकर मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सुनिश्चित कराया। पुलिस फिलहाल हताहतों के स्वास्थ्य की जानकारी और उपचार में जुटी है, इसके बाद मामले की जांच की जाएगी कि खाली टैंकर में वेल्डिंग से पहले सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया।
इनका कहना है…
हमें करीब पौने पांच बजे सूचना मिली थी कि खेड़ा पर एक टैंकर में वेल्ंिंडग के दौरान ब्लॉस्ट हो गया। मौके पर पहुंचे तो पता चला कि पांच लोग घायल हैं, घायलों को सरकारी और निजी अस्पताल भेजा है, अब तक 8 लोगों के घायल होने की सूचना है। टैंकर हटवाकर मार्ग क्लीयर करा दिया है।
वीरेन्द्र मिश्रा, एसडीओपी
सरकारी अस्पताल में एक महिला और चार पुरुष सहित कुल पांच मरीज आए हैं। सभी को उपचार दिया जा रहा है, कुछ आगे की जांच होनी है। अभी एक पुरुष की हालत गंभीर है, उसके पैर में फ्रैक्चर है और सिर में चोट है। आगे की जांचों के बाद और जानकारी सामने आएंगी, हो सकता है, गंभीर मरीजों को रेफर करना पड़े।
डॉ. प्रियंक मिश्र, चिकित्सक शासकीय अस्पताल








