सिवनी मालवा। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास (ग्रीन डेवलपमेंट) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा नगरपालिका ने प्रदेश स्तर पर अपना परचम लहराया है। सिवनी मालवा को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में श्रेष्ठ निकाय 2024-25Ó की श्रेणी में सम्मानित किया गया है।
विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर भोपाल में आयोजित एक भव्य राज्यस्तरीय समारोह के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी मालवा नगरपालिका को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
नगरीय विकास आयुक्त से सौजन्य भेंट
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद नगरपालिका के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त संकेत भोंडवे से सौजन्य भेंट की। आयुक्त भोंडवे ने इस बड़ी सफलता पर बधाई देते हुए कहा, सिवनी मालवा की यह उपलब्धि विशुद्ध रूप से जनभागीदारी का परिणाम है। एक स्वच्छ और हरित शहर का निर्माण तभी संभव है जब आम नागरिक और प्रशासन कंधे से कंधा मिलाकर काम करें। प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी सिवनी मालवा के इस मॉडल से प्रेरणा लेनी चाहिए।
क्यों मिला सिवनी मालवा को यह सम्मान?
सिवनी मालवा नगरपालिका को यह गौरव दिलाने में निम्नलिखित प्रयासों की मुख्य भूमिका रही।
- राम वाटिका जैसा अनूठा नवाचार : शहर में पर्यावरण चेतना को जगाने के लिए राम वाटिका का सफल संचालन और संधारण किया जा रहा है, जो पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है।
- बेहतर हरित प्रबंधन : निकाय द्वारा लगातार शहर के ग्रीन कवर (हरित क्षेत्र) को बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
- प्रभावी जनभागीदारी : शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता में स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन का भरपूर सहयोग किया।
इस विशेष गौरवमयी अवसर पर संचालनालय के पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. सीताराम टैगोर सहित नगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। सिवनी मालवा की इस उपलब्धि से पूरे नर्मदापुरम जिले में हर्ष का माहौल है।











