सिवनी मालवा/शिवपुर। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ग्राम शिवपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्या छात्रावास में सेवा भारती और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किशोरी बालिकाओं के लिए एक दिवसीय मार्गदर्शन व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया।
विशेषज्ञों ने दिए स्वास्थ्य और पोषण के टिप्स
- उमंग केंद्र व परामर्श : राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने किशोरावस्था के बदलावों, मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक समानता और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी।
- एनीमिया व स्वच्छता पर जोर : राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका मसराम ने एनीमिया से बचाव, पोषण आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण का महत्व समझाया।
- सही दिनचर्या का संदेश : सेवा भारती के नवनियुक्त नगर अध्यक्ष राजा तिवारी ने विकासशील अवस्था में सही खानपान और व्यवस्थित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।
- स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ : पीएचसी शिवपुर के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कौशल ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी और छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
छात्रावास के नए भवन की स्वीकृति पर मिली बधाई
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष रेणुका मृगेंद्र सिंह मंडलोई ने कन्या छात्रावास के लिए नए भवन की मांग मंजूर होने पर सभी को बधाई दी और छात्राओं को जीवन में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, बीआरसीसी संगीता यादव ने शिक्षा व संस्कारों का महत्व बताया और सरपंच प्रियंका संदेश यादव की ओर से बालिकाओं को फल वितरित किए गए।
छात्रावास अधीक्षिका पूजा यादव ने नया भवन प्रस्तावित होने पर जनपद अध्यक्ष, सरपंच एवं बीआरसीसी का आभार माना और अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में फार्मासिस्ट रविंद्र यादव, शिक्षक तरुण पाटिल, सुशील राठौर, राजेंद्र सिंह परमार, भारती यादव, सेहा कुशवाहा, कविता नवल सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।










