इटारसी। सेवा भारती जिला नर्मदापुरम द्वारा गुरुवार को नगर के शक्ति सदन महिला आश्रय गृह और मुस्कान बालिका गृह में ‘सुपोषण जागरूकता अभियान’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि सुपोषण का अर्थ केवल पेट भरना नहीं, बल्कि शरीर को विटामिन, प्रोटीन और ऊर्जा युक्त सही आहार देना है।
इस दौरान गर्भवती माताओं के लिए पौष्टिक आहार, बच्चों के शुरुआती 1000 दिनों में स्तनपान के महत्व, जंक फूड से बचने, मोटे व अंकुरित अनाज अपनाने और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। ‘सुपोषित माँ, सुपोषित बच्चा, सशक्त भारत’ के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग समन्वयक शिवप्रताप सिंह, मनीष ठाकुर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, कार्यकर्ता और सेवा भारती छात्रावास की पूर्व छात्राएं उपस्थित रहीं।










