इटारसी। सेवा भारती नर्मदापुरम द्वारा धुरपन इटारसी स्थित सेवा भारती बालिका छात्रावास में एकदिवसीय कार्यकर्ता विकास वर्ग का आयोजन किया गया। यह शिविर कार्यकर्ताओं में सेवा भाव को सुदृढ़ करने और भावी सेवा कार्यों की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से आयोजित था। शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्य अतिथि सेवा प्रमुख ओमप्रकाश सिसोदिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य भारत प्रांत की उपाध्यक्ष नेहा सीठा, जिला अध्यक्ष सतीश अग्रवाल और जिला उपाध्यक्ष निकुंज गुरु मंचासीन रहे। बैठक में जिला व नगर समिति के पदाधिकारी, विभिन्न आयामों के प्रमुख, संस्कार केंद्रों की शिक्षिकाएं, आरोग्य मित्र और संस्थान की पूर्व छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
नई पीढ़ी को संस्कारित करना ही राष्ट्र निर्माण

प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सिसोदिया ने संस्कार केंद्रों के संचालन और उनकी महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा संस्कार केंद्रों के माध्यम से हमारी नई पीढ़ी को संस्कारित और देशभक्त बनाना ही असली राष्ट्र निर्माण है। सेवा भारती का कार्य पूरी तरह ईश्वरीय कार्य है, जिसे हमें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संकल्प के साथ आगे बढ़ाना है।
उन्होंने केंद्रों से जुड़ी बहनों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे बस्तियों में किशोरी विकास केंद्र, भजन मंडली और स्वसहायता समूहों का गठन कर साप्ताहिक बैठकें आयोजित करें, ताकि हमारे सेवा क्षेत्र और बस्तियां संगठित, संस्कारित तथा स्वावलंबी बन सकें। साथ ही उन्होंने पूर्व छात्राओं से भी अपील की कि वे शिक्षा या करियर के लिए जहां भी रहें, सेवा भारती के सेवाभावी विचारों को अपने जीवन में जरूर उतारें।
किशोरी विकास आयाम पर मंथन
द्वितीय सत्र में प्रांत उपाध्यक्ष नेहा सीठा ने किशोरी विकास आयाम पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि किशोरियों को इस संवेदनशील आयु में होने वाले शारीरिक व मानसिक बदलावों और अच्छे-बुरे विषयों पर अपने माता-पिता से खुलकर संवाद करना चाहिए, जिससे उनका सही मार्गदर्शन हो सके।
इस सेवाभावी वर्ग में क्षेत्र के अनेक प्रबुद्ध जनों और चिकित्सकों ने सहभागिता की। इनमें डॉ. हर्षल कावरे, डॉ. शीतल दयाल, डॉ. अचलेश्वर दयाल और जिला रेडक्रास सचिव डॉ. शैलेंद्र शुक्ला, सारिका कटरे, सुमित्रा तोमर, राजेंद्र तोमर, मनोज राय और विभाग संयोजक शिवप्रताप सिंह प्रमुख रहे। सभी आगंतुकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रदर्शन जिला अध्यक्ष सतीश सवारिया ने किया।










