इटारसी। आज सेवा भारती ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजगंज में साप्ताहिक सुपोषण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर, सेवा भारती के नर्मदापुरम जिलाध्यक्ष सतीश सांवरिया ने संस्था के विभिन्न प्रकल्पों और आयामों के बारे में बताया, साथ ही उन्होंने सुपोषण सप्ताह के उद्देश्यों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विजया टिकारिया उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को पोषण आहार के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया और बताया कि शारीरिक तथा मानसिक विकास के लिए उन्हें किस तरह का आहार और कितनी मात्रा में लेना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को जंक फूड और पैक्ड फूड से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने माहवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी बात की और समय-समय पर हीमोग्लोबिन की जांच कराने पर जोर दिया। डॉ. टिकारिया ने यह भी कहा कि जब भी छात्राओं को उनकी आवश्यकता होगी, वह हमेशा उपलब्ध रहेंगी।
सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम
- 9 सितंबर : स्वच्छता अभियान, गोद भराई और नशा मुक्ति अभियान
- 10 सितंबर : निबंध लेखन, चित्रकारी, सुविचार लेखन, भाषण प्रतियोगिता और खेलकूद
- 11 सितंबर : दीवार लेखन और पत्रक वितरण
- 12 सितंबर : योगाभ्यास और निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
- 13 सितंबर : नुक्कड़ नाटक और सोशल मीडिया कार्यक्रम
- 14 सितंबर : समापन समारोह और पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को फल भी वितरित किए गए। स्कूल के प्राचार्य सतीश खलगो ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर, पूर्णकालिक देवेंद्र धुर्वे, स्कूल की उप प्रधानाचार्य श्रीमती शिवि सूद, माध्यमिक शाला के प्राचार्य महेश रैकवार, पार्षद कीर्ति दुबे, युवाम सेवा भारती के नगर संयोजक तुषार कोठारी, नगर सह-संयोजक जीतू राजपूत, रमेश जगदेव, राजू अग्रवाल, प्रकाश केवट, सीमा सोनी, जागृति भदोरिया, रेखा अग्रवाल, आरती चौधरी, रानी रजक, सरला लोट, कमला तिवारी, अचला घन सहित स्कूल की सभी छात्राएं उपस्थित थीं।








