इटारसी। आस्था और शक्ति की आराधना का महापर्व शारदीय नवरात्रि रविवार से प्रारंभ हो रहा है। परंपरानुसार इस वर्ष भी मालवीयगंज स्थित प्राचीन श्री बूढ़ी माता मंदिर शक्तिधाम में भव्य तैयारियां की गई हैं।
मंदिर समिति के सचिव जगदीश मालवीय ने बताया कि इस पावन अवसर पर माता के दरबार में 351 अखंड घट ज्योतियों की स्थापना की जाएगी। नवरात्रि के प्रथम दिन, रविवार शाम 5 बजे पूरे विधि-विधान से अखंड ज्योतियों को प्रज्ज्वलित किया जाएगा। नौ दिनों के इस महोत्सव में प्रतिदिन मां बूढ़ी माता का नवदुर्गा के 9 अलग-अलग स्वरूपों में मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मंदिर समिति द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रतिदिन सुबह और शाम की महाआरती के पश्चात दर्शनार्थियों को उपवास (फलाहारी) के प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति ने शहर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे प्रतिदिन होने वाली आरती में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माता का आशीर्वाद एवं धर्मलाभ अर्जित करें।











