सिवनी मालवा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को नगर पालिका परिषद ने श्री राम जानकी मंदिर (नंदरवाड़ा रोड) में एक विवाह सम्मेलन आयोजित किया। भक्तिमय और अनुशासित वातावरण में हुए इस कार्यक्रम में कुल 24 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर दांपत्य जीवन में प्रवेश किया।
गायत्री पद्धति से संपन्न हुए विवाह संस्कार
कार्यक्रम का शुभारंभ बस स्टैंड से निकाली भव्य सामूहिक बारात के साथ हुआ। गाजे-बाजे के साथ निकली यह बारात राम जानकी मंदिर पहुंची, जहां गायत्री पद्धति से सभी 24 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार कराया। वैदिक मंत्रोच्चार और पावन अग्नि के साक्ष में जोड़ों ने सुखमय जीवन का संकल्प लिया।
आस्था मंच ने उपहार में भेंट किए हार सेट
इस विवाह सम्मेलन में नगर की अग्रणी सामाजिक संस्था आस्था मंच की महिलाओं ने उपस्थिति दर्ज कर नव-विवाहित कन्याओं को विशेष उपहार भेंट किए। मंच की ओर से सभी नव-विवाहित कन्याओं को हार सेट भेंट कर उनका सम्मान किया। आस्था मंच की सदस्यों ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल और खुशहाल भविष्य की कामना की। संस्था के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार की नगरवासियों और कन्याओं के परिजनों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
इस पुनीत कार्य के दौरान आस्था मंच की ओर से नीरू राठी, प्रीति गोयल सहित मंच की अन्य सक्रिय महिला सदस्य उपस्थित रहीं। साथ ही नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया।










