इटारसी। श्री परशुराम भवन में श्री गौड़ मालवीय ब्राह्मण समाज संगठन, इटारसी ने रंगपंचमी का पावन पर्व उत्साह और सामाजिक समरसता के साथ मनाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के सदस्य एकत्र हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात सभी ने भगवान को पुष्प और गुलाल अर्पित कर समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के उपरांत स्नेह मिलन का दौर शुरू हुआ, जहां सामाजिक बंधुओं ने एक-दूसरे को पारंपरिक गुलाल लगाकर और गले मिलकर रंगपंचमी की हार्दिक बधाई दी। कार्यक्रम में फूलों और गुलाल के साथ भाईचारे का संदेश दिया। उपस्थित सभी सदस्यों ने आपस में विचार साझा किए।
समाज के सचिव मनोज मालवीय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने इस उपस्थिति के लिए सभी सामाजिक बंधुओं और मातृशक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, स्नेह और सद्भाव की भावना सुदृढ़ होती है। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ जन, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने इस उत्सव को स्मरणीय बनाया।










