इटारसी। शहर में सामाजिक उल्लास और एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री गौड़ मालवीय ब्राह्मण समाज महिला मंडल संगठन, इटारसी द्वारा 12 सितंबर को प्रात: 9 से रात 8:30 बजे सरला मंगल भवन, सूरजगंज में एक आनंद मेल का आयोजन किया जा रहा है। विगत वर्षों की भांति इस बार भी इस आयोजन को लेकर समाज की महिलाओं और सभी सामाजिक बंधुओं में भारी उत्साह का माहौल है।
संगठन ने समाज के सभी परिवारों और नागरिकों को इस मेले में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। यह भव्य आयोजन समाज के लिए आनंद, उत्साह और मिलन का एक खास अवसर साबित होगा। मेले में विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल और लजीज व्यंजनों की भरपूर व्यवस्था रहेगी। बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष फन गेम्स और मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे। फन गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा और संचालन श्री गौड़ मालवीय ब्राह्मण समाज महिला मंडल संगठन द्वारा किया जा रहा है। संगठन की अध्यक्ष अर्चना मालवीय एवं सचिव किरण मालवीय के नेतृत्व में महिला मंडल की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है। आयोजन समिति ने समाज के सभी बंधुओं और मातृशक्ति से अपील की है कि वे अपने बच्चों और परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में आनंद मेले में पधारें और अपनी सहभागिता दर्ज कर इस आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।










