इटारसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में शुक्रवार को न्यू यार्ड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। दुर्गा महिला मंडल एवं बाल समिति के तत्वावधान में निकली यह यात्रा हनुमान मंदिर, विद्युत लोको शेड और साई नगर होते हुए पुनः राधा-कृष्ण मंदिर पर संपन्न हुई।
इस दौरान पूरा क्षेत्र कृष्ण भक्ति में रंगा नजर आया। डीजे की धुनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। आयोजन में मथुरा से लाई गई बाल स्वरूप कृष्ण की प्रतिमा और राधा-कृष्ण व सुदामा की वेशभूषा में सजे बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। संचालक वसु वंदना जोशी ने बताया कि उत्सव में शामिल होने दिल्ली, भोपाल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे।










