इटारसी। महेश नवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी युवा संगठन (दक्षिणांचल भोपाल) द्वारा आयोजित पिकलबॉल डबल्स टूर्नामेंट में इटारसी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है।
टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में इटारसी के श्रीकांत मौलासरिया एवं विपिन चांडक की जोड़ी ने अपने उत्कृष्ट खेल, फुर्ती और बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए विरोधी टीम को शिकस्त दी और खिताबी जीत हासिल की। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दोनों खिलाडिय़ों का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा।
इटारसी के खिलाडिय़ों द्वारा भोपाल में परचम लहराने की खबर मिलते ही माहेश्वरी समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने दोनों विजेताओं को बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। माहेश्वरी युवा संगठन ने विजेता जोड़ी को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।










