इटारसी। सिंधी समाज चैतीचांद महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम कर रहा है। आज समाज की युवा शाखा ने कार्यक्रमों की श्रंखला में वाहन रैली निकाली जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और समापन सिंधी कालोनी स्थित भगवान झूलेलाल मंदिर में किया।
वाहन रैली गली नंबर एक मां शेरावाली दरबार सिंधी कॉलोनी से प्रारंभ हुई। रैली स्टेट बैंक चौराहा, होकर रेलवे स्टेशन मार्ग होकर आरएमएस आफिस के सामने से जयस्तंभ पहुंची। यहां से फल बाजार, सराफा होकर ओवरब्रिज और वापसी में गुरुद्वारा के सामने से होकर श्री द्वारिकाधीश मंदिर, एमजीएम कालेज, सूरजगंज चौराह, विश्वनाथ चौराह से अस्पताल के पीछे वाले मार्ग से कॉन्वेंट स्कूल, डॉ. जैसवानी वाली गली होकर झूलेलाल मंदिर में समापन किया। रैली में शामिल युवा सफेद वस्त्र पहने हुए भगवान झूलेलाल के जयकारे लगा रहे थे।
समाज के युवा सदस्य मनीष सेतपलानी ने बताया कि रैली का जगह-जगह स्वागत किया गया। रैली में समाज के करीब 400 युवक-युवतियां और बच्चे दुपहिया वाहनों के साथ शामिल हुए जबकि रैली में करीब चार चारपहिया वाहन भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को चैती चंद पर्व मनाया जाएगा।









