- – सामाजिक संस्था के सदस्यों ने निभाई पालक होने की परंपरा
- – नगरवासियों की मौजूदगी में बालिग होने पर वंशिका का विवाह
इटारसी। सामाजिक संस्था मुस्कान में रह रही एक और बेटी का विवाह आज सैंकड़ों नगरवासियों की मौजूदगी में संपन्न हो गया। लगभग 10 वर्ष की उम्र में वंशिका मुस्कान में आयी थी। यहीं उसका लालन पालन हुआ। आज सोमवार को वंशिका की शादी नर्मदापुरम जिले के ग्राम निमसाडिय़ा के प्रीतम चौरे से हुई।
मुस्कान संस्था के संचालक मनीष सिंह ठाकुर और उनकी पत्नी अमृता ठाकुर ने कन्यादान किया। विवाह गायत्री पद्धति से मंत्रोच्चार के साथ वृंदावन गार्डन से हुआ। संस्था प्रबंधन ने उसके पालक होने का फर्ज निभाते हुए उसके हाथ पीले कराए और संस्था की सहेलियों, संस्था परिवार से वंशिका की विदाई हुई तो सबके नेत्र नम हो गये। सजल नेत्रों से वंशिका अपने घर के लिए यहां से सबका आशीष लेकर विदा हुई। अब तक 11 बच्चियों का विवाह मुस्कान बालिका गृह ने अब तक 11 विवाह योग्य युवतियों के हाथ पीले कराए हैं। इसी एक साल में यह तीसरी बच्ची वंशिका की शादी है।

संस्था संचालक मनीष ठाकुर ने बताया वंशिका का विवाह निमसाडिय़ा के लखनलाल चौरे और बिटिया बाई के सुपुत्र प्रीतम के संग हुआ। प्रीतम चौरे नावेल्टी आइसक्रीम कारखाने में नौकरी करता है। गायत्री परिवार के अरविंद कसोटिया ने बताया कि गायत्री परिवार ट्रस्ट ने विवाह गायत्री पद्धति से कराया है।
बारात में जमकर किया डांस
दोपहर में बारात लगी। बारात में दूल्हे के दोस्तों ने जमकर नृत्य किया तो मुस्कान संस्था के सदस्यों ने भी खुशियों में साथ दिया। वृंदावन गार्डन के सभाहाल में वरमाला हुई, पाणिग्रहण संस्कार हुए और विवाह धूमधाम से होने के बाद बेटी की विदाई की गई। वर वधू को आशीर्वाद देने के लिए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे सहित गणमान्य नागरिक, पार्षद और समाजसेवी पहुंचे हुए थे।
10 साल पहले आई थी वंशिका
मुस्कान में रह रही वंशिका मुस्कान संस्था में करीब 10 साल से रह रही है। सीडब्ल्यूसी के माध्यम से वंशिका यहां आई थी। मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने बताया कि वंशिका को अपने पिछले जीवन के बारे में कुछ भी नहीं पता। जब वह 18 वर्ष की हो गई थी तो मुस्कान बालिका गृह से उन्होंने पालक बनकर उसे प्रशासन के माध्यम से महिला आश्रम में आश्रय दिया। तभी से वंशिका यहां रह रही थी।

रिश्ते से पहले जरूरी बातें
विवाह योग्य युवक से बेटी की शादी करने से पहले संस्था द्वारा लड़के की उम्र की जानकारी जुटाई जाती है। लड़का लड़कियों में 2 साल का अंतर हो, लड़का इतना कमाता हो कि परिवार का पालन कर सके, लड़के का स्वयं का घर है या नहीं, इसकी जानकारी ली जाती है। लड़का-लड़की आपस में एक दूसरे को पसंद करते हैं उसके बाद यह रिश्ता क्या होता है।