नर्मदापुरम। जिला पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ प्रधान आरक्षक मेहरबान सिंह परिहार की सुपुत्री कुमारी महक परिहार ने अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर देश और नर्मदापुरम जिले का गौरव बढ़ाया है। जापान में आयोजित अंडर-18 महिला हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने कांस्य पदक (ब्रोन्ज मेडल) जीता है, जिसमें महक ने गोलकीपर की बेहद महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस विभाग जैसी कठिन सेवा में रहते हुए भी परिहार परिवार ने महक के खेल के जुनून को सर्वोपरि रखा। महक ने बचपन से ही आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करते हुए न सिर्फ हॉकी के मैदान में अपनी प्रतिभा साबित की, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी अव्वल प्रदर्शन किया।
नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा ने महक की इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय कामयाबी पर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने महक को विभाग व स्थानीय समुदाय के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बताते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और नर्मदापुरम पुलिस परिवार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।











