इटारसी। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के आधुनिक दौर और भविष्य की औद्योगिक संभावनाओं से जोडऩे की दिशा में शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, इटारसी में एक बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी आयोजन किया। कॉलेज के सेमिनार हॉल में ‘Role of AI in Mechanical Engineering’ विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान ने छात्र-छात्राओं के लिए कॅरियर के नए द्वार खोल दिए हैं।
भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार हो रहे युवा
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल के प्रोफेसर एवं डीन (एकेडमिक) डॉ. विनय यादव ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के चमत्कारी और व्यावहारिक उपयोगों पर बहुत ही सरल और रोचक ढंग से प्रकाश डाला।
डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को समझाया कि कैसे एआई के माध्यम से औद्योगिक स्वचालन और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग को रफ्तार मिल रही है, रोबोटिक्स और मशीनों की कार्यक्षमता में क्रांतिकारी सुधार हो रहे हैं, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस (पूर्वानुमानित रखरखाव) और सटीक उत्पादन प्रक्रियाओं से उद्योगों की सूरत बदल रही है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे पारंपरिक पठन-पाठन से आगे बढ़कर खुद को भविष्य की तकनीकी और औद्योगिक चुनौतियों के अनुरूप ढालें और अपने कौशल को लगातार उन्नत करें।
लगभग 100 विद्यार्थी हुए लाभान्वित
महाविद्यालय के प्राचार्य आरके चोलकर के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष विकास सिद्धू, श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी और सुश्री पल्लवी नरवरे सहित लगभग 100 विद्यार्थियों ने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस प्रकार के अकादमिक और तकनीकी आयोजन न सिर्फ विद्यार्थियों में नई तकनीकों के प्रति गहरी रुचि जगाते हैं, बल्कि उन्हें पढ़ाई के बाद उद्योग जगत की मांग के अनुसार खुद को ढालने और उज्ज्वल कॅरियर बनाने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करते हैं।











