इटारसी। क्षेत्र में लंबे समय से बारिश न होने के कारण सूखे जैसे हालात निर्मित हो रहे हैं। भीषण गर्मी और फसलों की चिंता से परेशान आमजन व किसानों को राहत दिलाने के लिए मुस्लिम समाज द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। जामा मस्जिद इंतिजामिया कमेटी (वक्फ बोर्ड), पांचवीं लाइन, इटारसी के तत्वाधान में शहर में तीन दिनों तक विशेष नमाज़ ‘नमाज़-ए-इस्तसका’ (बारिश के लिए विशेष सामूहिक प्रार्थना) का आयोजन किया जाएगा।
यह नमाज़ शहर से बाहर खुले मैदानों में अदा की जाएगी।कमेटी के प्रवक्ता जमील अहमद ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) इटारसी, जिला नर्मदापुरम को पत्र सौंपकर आयोजन की सूचना और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की है। इसकी प्रतिलिपि एसडीओपी पुलिस और नगर निरीक्षक सिटी पुलिस थाना इटारसी को भी आवश्यक सूचनार्थ भेजी गई है।
3 दिनों का पूरा शेड्यूल और स्थान
कमेटी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, तीनों दिन यह नमाज़ दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी और नमाज़ व दुआ का कार्यक्रम लगभग एक घंटे तक चलेगा।
पहला दिन 14 जुलाई, मंगलवार : भारद्वाज पेट्रोल पंप के पीछे, नहर के पास वाले मैदान पर, दोपहर 2:30 बजे।
दूसरा दिन 15 जुलाई, दिन बुधवार : बोरतलाई मार्ग, बूढ़ी माता मंदिर के पीछे निजामुद्दीन मोहसीन कुरैशी की कॉलोनी वाले मैदान पर, दोपहर 2:30 बजे।
तीसरा दिन 16 जुलाई, दिन गुरुवार : मदरसा इब्राहिमिया, 12 बंगला के मैदान पर, दोपहर 2:30 बजे।
जामा मस्जिद इंतिजामिया कमेटी ने बताया कि इस विशेष नमाज़ में मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर अल्लाह से क्षेत्र में अच्छी बारिश और खुशहाली के लिए विशेष दुआ करेंगे।











