इटारसी। सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व (जन्मदिवस) को समर्पित भव्य धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन 15 अक्टूबर 2025 से 05 नवंबर 2025 तक किया जा रहा है। इटारसी स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंघ सभा द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में प्रभात फेरियां, कीर्तन दरबार, नगर कीर्तन और लंगर का अटूट वर्तन शामिल है।
मुख्य आकर्षण
- प्रभात फेरिया : 15 अक्टूबर से 02 नवंबर 2025 तक प्रतिदिन प्रात: काल प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी, जिसमें संगतों द्वारा गुरुवाणी का गायन किया जाएगा।
- बच्चों का कवि दरबार : 02 नवंबर, रविवार को सुबह 7:15 बजे से 9:30 बजे तक बच्चों के कवि दरबार का आयोजन होगा, जो नई पीढ़ी को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ेगा।
- नगर कीर्तन : प्रकाश पर्व से ठीक पहले 03 नवंबर, सोमवार को दोपहर 2 बजे से गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन आरंभ होगा। यह कीर्तन मुख्य बाज़ारों और विभिन्न कॉलोनियों से होकर गुजरेगा, जिसका समापन गुरुद्वारा साहिब में होगा। नगर कीर्तन के दौरान गुरुजी की वाणी का प्रचार और लंगर (अटूट वर्तन) की व्यवस्था भी रहेगी।
- अखंड पाठ : 03 नवंबर को सुबह 9:30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब जी का आरंभ होगा, जिसका भोग 05 नवंबर, बुधवार को सुबह 9 बजे पड़ेगा।
विशेष कीर्तन दरबार 04-05 नवंबर
प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या और पर्व के दिन विशेष कीर्तन दरबार आयोजित किए जाएंगे। इन दरबारों में प्रसिद्ध रागी जत्थे हाजिरी भरेंगे, जिनमें बलविंदर सिंह (समराला वाले), जोगिंदर सिंह, और अजीत सिंह हज़ूरी रागी गुरुद्वारा साहिब प्रमुख रूप से संगत को निहाल करेंगे। गुरु साहिब के उपदेश इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्री गुरु नानक देव जी के महान उपदेशों पर प्रकाश डाला जाएगा, जिसमें किरत करो (ईमानदारी से कमाओ), नाम जपो (ईश्वर का नाम सुमिरन करो), और वंड छको (मिल-बांट कर खाओ) के सिद्धांतों पर जोर दिया जाएगा। समानता के संदेश को भी प्रमुखता से प्रसारित किया जाएगा।
प्रधान जसबीर सिंघ छाबड़ा ने संगत से अपील है कि वे इन धार्मिक कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करें और गुरुजी की शिक्षाओं को अपने जीवन में धारण करें।








