- – महिला उद्यमिता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ
इटारसी। भारतीय ज्ञान परंपराओं के पोषण एवं संरक्षण हेतु शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में नारी सशक्तिकरण की प्रतीक-रानी लक्ष्मीबाई विषय पर भाषण प्रतियोगिता एवं लोकगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया, साथ ही स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के माध्यम से महिला उद्यमिता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन भी किया।
प्राचार्य डॉ. आरएस मेहरा ने रानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिन पर उनके शौर्य एवं वीरता पर लिखी प्रसिद्ध कवियत्री सुभद्रा कुमारी चौहान की कविता खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी, को याद करते हुए कहा कि वीरता, साहस, पराक्रम के लिए रानी लक्ष्मीबाई का जीवन इस देश के लिए आदर्श है। देश प्रेम सर्वोपरि है, महिलाओं का योगदान राष्ट्र निर्माण, राष्ट्र सुरक्षा में हो, इसे 1857 की क्रांति में रानी लक्ष्मीबाई ने सुनिश्चित किया। आज भी रानी लक्ष्मी बाई नारी सशक्तिकरण का प्रतीक है।
डॉ शिखा गुप्ता ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई महिलाओं के लिए प्रेरणा का एक सशक्त उदाहरण हैं। उनका जीवन, उनके आदर्श, और उनके कार्यों से महिलाओं को सम्मान पूर्वक जीवन जीने की दिशा प्राप्त होती है। लोकगीतों के महत्व को बताते हुए डॉ. हर्षा शर्मा ने कहा कि लोकगीतों से हमें अपनी संस्कृति और समाज के बारे में जानकारी मिलती है। यह लोगों के जीवन का प्रतिबिंब होते हैं। महिला उद्यमिता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में महिला उद्यमी करिश्मा कश्यप ने छात्राओं को स्वरोजगार के विभिन्न क्षेत्रों तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सौम्या सूद, द्वितीय स्थान आतिया खान तथा तृतीय स्थान आयशा खान को प्राप्त हुआ जबकि लोकगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सौम्या सूद, द्वितीय स्थान सुहानी चौधरी एवं तृतीय स्थान आयशा खान व सुहानी बड़कुर ने प्राप्त किया। कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती पूनम साहू ने सभी विजेताओं को बधाई दी। कार्यक्रम में डॉ. हरप्रीत रंधावा, मंजरी अवस्थी, स्नेहांशु सिंह, रविंद्र चौरसिया, डॉ शिरीष परसाई, पूनम साहू, डॉ हर्षा शर्मा, डॉ शिखा गुप्ता, डॉ श्रद्धा जैन, डॉ नेहा सिकरवार, हेमंत गोहिया, प्रिया कलोसिया, क्षमा वर्मा, शोभा मीणा, तरुण तिवारी, करिश्मा कश्यप तथा अनेक छात्राएं उपस्थित थीं।