नर्मदापुरम्। नगर पालिका परिषद की राजस्व प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने और वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) हेमेश्वरी पटले ने शनिवार को राजस्व शाखा की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संपत्तिकर और जलकर की वसूली में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
लोक अदालत के लिए लक्ष्य निर्धारित
सीएमओ श्रीमती पटले ने आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत पर विशेष ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से संपत्तिकर और जलकर की अधिकतम वसूली सुनिश्चित की जाए, ताकि बकायादारों को छूट का लाभ मिले और निकाय का राजस्व बढ़े।
अवैध नल कनेक्शनों पर होगी कार्रवाई
जलकर वसूली की समीक्षा करते हुए सीएमओ ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में अमृत योजना के तहत किए गए कनेक्शनों और अन्य अवैध नल कनेक्शनों के वैद्यीकरण (Regularization) की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। जो उपभोक्ता सहयोग नहीं करेंगे, उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गन्ना चरखी संचालकों को निर्देश
गर्मी के मौसम को देखते हुए शहर में संचालित हो रही गन्ना चरखी दुकानों पर भी सख्ती दिखाई गई। सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी दुकानों से संपर्क कर उनकी अनुमति राशि (परमिशन फीस) प्राथमिकता के आधार पर जमा करवाएं।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक के दौरान कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी, राजस्व निरीक्षक हरीश गोस्वामी, सहायक राजस्व निरीक्षक शेख अकबर, दाताराम सगर, सुनील अवस्थी सहित राजस्व शाखा के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सीएमओ ने सभी कर्मचारियों को वार्ड स्तर पर सक्रिय रहकर वसूली कार्य में तेजी लाने की जिम्मेदारी सौंपी।










