इटारसी। शहर की सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली संस्था स्पिक मैके इटारसी द्वारा प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी स्कूली बच्चों के लिए एक विशेष सांस्कृतिक पहल की जा रही है।
संस्था द्वारा आगामी 20 जुलाई से 25 जुलाई तक विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में एक दिवसीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए स्पिक मैके इटारसी के अध्यक्ष हेमंत शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष कार्यशाला में विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा से रूबरू कराने के लिए पुणे की सुप्रसिद्ध भरतनाट्यम् नृत्यांगना वैष्णवी दोहरे को आमंत्रित किया गया है।
बच्चों को सीखने को मिलेंगी नृत्य की बारीकियां
इस छह दिवसीय आयोजन के दौरान वैष्णवी दोहरे शहर के अलग-अलग स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को शास्त्रीय नृत्य के प्रति जागरूक करना है। संस्था द्वारा सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थाओं में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस कार्यशाला का लाभ उठा सकें।
इनका कहना है
“इस कार्यशाला के माध्यम से न केवल बच्चों को उत्कृष्ट स्तर की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी, बल्कि उन्हें भरतनाट्यम् नृत्य की तकनीकी बारीकियों, मुद्राओं और इसके सांस्कृतिक महत्व को भी करीब से समझने का अवसर मिलेगा।”
– हेमंत शुक्ला, अध्यक्ष स्पिक मैके, इटारसी











