इटारसी।अखंड राजपूताना के बैनर तले 21 सितम्बर को सभी राजपूत समाज संगठनों और सामाजिक पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में समाज के वार्षिक आयोजनों पर चर्चा होगी, जिनमें कबड्डी प्रतियोगिता, महाराणा प्रताप जयंती, बच्चों का प्रतिभा सम्मान समारोह और राजपूत समाज का वैवाहिक परिचय सम्मेलन प्रमुख रहेंगे।
सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने बताया कि इस बार प्रतिभा सम्मान के साथ-साथ समाज के बच्चों के लिए कैरियर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग भी प्रारंभ की जाएगी। साथ ही, राजपूत शिरोमणि पृथ्वीराज चौहान का जन्म उत्सव प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाने पर भी विचार किया जाएगा।
पुरानी इटारसी स्थित एसबीआई किराए के पास महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना में हो रही देरी पर भी बैठक में चर्चा होगी। समाज के बंधु मिलकर मूर्ति स्थापना का संकल्प लेंगे।बैठक में करणी सेना, करणी देना परिवार, राष्ट्रीय करणी सेवा सहित जिले स्तर पर सक्रिय सभी सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया गया है, ताकि एक मंच पर समाज की विभिन्न गतिविधियों में सामूहिक योगदान सुनिश्चित किया जा सके।
अखंड राजपूताना द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि जिले के ग्रामीण एवं बाढ़ प्रभावित अंचलों के साथ-साथ जिले के प्रत्येक शहरों में रहने वाले राजपूत परिवारों की सूची तैयार की जाएगी और इसे वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे हर परिवार की जानकारी समाज तक पहुंच सके।
इसके अलावा, अखंड राजपूताना ने राजपूत महिला शक्ति से भी निवेदन किया है कि वे विभिन्न सामाजिक आयोजनों में अधिक सक्रिय भूमिका निभाएँ। बैठक में महिलाओं के साथ विशेष चर्चा कर उनकी भागीदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।








