इटारसी। स्थानीय युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहर में आयोजित भव्य पांच दिवसीय विधायक कप बैडमिंटन टूर्नामेंट का गरिमामय समापन हो गया। यह पूरी प्रतियोगिता क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा के तत्वावधान में 2 जून से 6 जून तक कृष्णा इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गई, जिसमें खिलाडिय़ों ने अपनी खेल कुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबलों के बाद शानदार समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विजेताओं और उपविजेताओं को आकर्षक ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विभिन्न श्रेणियों में हुए कड़े मुकाबले
आयोजन समिति के संयोजक ने प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस टूर्नामेंट को विभिन्न आयु वर्गों में विभाजित किया गया था, ताकि हर वर्ग की प्रतिभा को आगे आने का मौका मिले। प्रतियोगिता में अंडर-19, ओपन कैटेगरी और सीनियर सिटीजन वर्ग के तहत मुकाबले खेले गए। कृष्णा इंडोर स्टेडियम के कोर्ट पर पुरुष एकल, महिला एकल और युगल श्रेणियों में खिलाडिय़ों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
टूर्नामेंट के अंतिम दिन फाइनल मैचों के दौरान खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने और पुरस्कार वितरण के लिए अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एल्डरमैन संजीव हूरा, एल्डरमैन आशीष मालवीय, अनीता राजपूत, ऋषभ सिंह चौहान, राहुल कुमार चौरे एवं रोहित कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाडिय़ों की खेल भावना की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेलों से होता है अनुशासन और टीम भावना का विकास
इस भव्य आयोजन के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए आयोजन समिति ने कहा, खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का विकास करता है। हमारे क्षेत्र में बैडमिंटन की अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें एक सही और बेहतर मंच देना ही इस विधायक कप का मुख्य उद्देश्य है। पांच दिनों तक चले इस खेल महोत्सव ने शहर के खेल प्रेमियों को खूब आकर्षित किया और बड़ी संख्या में दर्शकों ने स्टेडियम पहुंचकर स्थानीय खिलाडिय़ों की हौसलाअफजाई की।











