इटारसी। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, इटारसी के विद्यार्थियों ने 70वीं एसजीएफआई राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया है।
बॉक्सिंग में वैष्णवी को कांस्य
विद्यालय की छात्रा वैष्णवी राजपूत ने अंडर-17 बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपने अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है।
बैडमिंटन में शौर्य युवने चमके
सागर में आयोजित अंडर-14 बालक वर्ग की राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र शौर्य युवने ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया और कांस्य पदक अपने नाम किया।
हॉकी में समेष्ठ के प्रदर्शन से संभाग विजयी
अंडर-17 राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में नर्मदापुरम संभाग की टीम ने उज्जैन को 4-3 गोल से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस खिताबी जीत में विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ी समेष्ठ भावसार ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई
शिक्षा के साथ खेलों में भी विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर पुष्पा, शिक्षकगण और समस्त प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने सभी विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










