सिवनीमालवा। राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने नर्मदापुरम में सांसद कार्यालय पहुंचकर सांसद को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में ई-अटेंडेंस प्रणाली की समस्याओं और अतिथि शिक्षकों का रुका हुआ वेतन जारी करने की मांग की गई है।
नेटवर्क की समस्या से परेशान हैं शिक्षक
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या है, वहाँ ई-अटेंडेंस प्रणाली लागू होने से शिक्षकों को बेवजह परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसे क्षेत्रों की पहले जांच की जाए और वहां के शिक्षकों को राहत दी जाए। पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि ‘शिक्षक एप’ के जरिए कई शिक्षकों के खातों से अवैध रूप से पैसे निकाले जाने के मामले भी सामने आए हैं।
उन्होंने शासन से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि इस एप के इस्तेमाल से किसी भी शिक्षक को आर्थिक नुकसान न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत पाठक, प्रदेश महासचिव गजेंद्र बछले, संभागीय अध्यक्ष हरगोविंद गौर, जिला अध्यक्ष उमेश ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रदीप गौर और नितिन दुबे मौजूद थे।








