इटारसी। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे से दूरी है जरूरी शीर्षक से एक राज्य व्यापी जनजागरूकता अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाना एवं उन्हें नशे की लत से मुक्त कराना है।
जिला नर्मदापुरम में पुलिस अधीक्षक जिला नर्मदापुरम डॉ गुरकरन सिंह के निर्देशन में इस अभियान के अंतर्गत थानों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के अंतर्गत ज्ञानोदय विद्यालय नर्मदापुरम छात्रावास में रह रहे बालक एवं बालिकाओं को वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई एवं नशा न करने की शपथ दिलाई गई। बच्चों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के विषय में सरल और प्रभावशाली भाषा में समझाया गया।
इस कार्यक्रम में डीएसपी मोहन सारवान, कोतवाली थाना प्रभारी कंचन ठाकुर एवं प्रिंसिपल वंदना श्रीवास्तव, वार्डन इंदु संतोरे उपस्थित थे। जिले में थाना इटारसी में मंडी परिसर के बाहर आम नागरिकों एवं किसानों को नशे से दूर रहने एवं उसके दुष्परिणामों के बारे में बताया। थाना रामपुर गुर्रा में सार्वजनिक स्थलों पर बस स्टॉप,ऑटो स्टैंड पर जनता को समझाइए दी गई। थाना पिपरिया में हॉट बाजार में क्षेत्र में नशा मुक्ति हेतु जागरूक किया एवं नशा न करने हेतु शपथ दिलाई।












