- – जन-जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
इटारसी। एकलव्य इंटरनेशनल स्कूल, इटारसी में आज नशे से दूरी है जरूरी विषय पर मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित एक विशेष जागरूकता अभियान में बच्चों को नशे के दुष्परिणाम बताए और विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलायी गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई।
इस अवसर पर इटारसी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेंद्र कुमार मिश्रा एवं इटारसी थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से डायरेक्टर सतेन्द्रपाल सिंह जग्गी, रश्मीत सिंह जग्गी, श्रीमती सरबजीत कौर एवं प्रधानाचार्या श्रीमती वर्षा नायडू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी अतिथियों का स्वागत किया। टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों एवं समाज पर उनके प्रभाव की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार नशे की लत एक उज्ज्वल भविष्य को अंधकार में बदल सकती है।
एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा ने नशे की लत के लक्षणों को समझाते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने बच्चों को समझाया कि स्कूली शिक्षा के बाद जब वे उच्च शिक्षा के लिए किसी दूसरे शहर हॉस्टल में जाए तब कैसे इस नशे के जाल से खुद को एवं अपने दोस्तों को दूर रखें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के डायरेक्टर सतेन्द्रपाल सिंह जग्गी ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।











